डी एस पब्लिक स्कूल में मूल्यनिष्ठ शिक्षा पर सीबीएसई की एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित ।

मुजफ्फरनगर
क्रान्ति बुलेटिन ब्यूरो
मुजफ्फरनगर।डी एस पब्लिक स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा मूल्य शिक्षा पर एक दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया एवं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से नियुक्त विद्वान रिसोर्स पर्सन के निर्देशन में बहुत ही सकारात्मक एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में जीवन में नैतिक मूल्य की उपयोगिता उनके महत्व तथा विद्यार्थियों के अंदर आदर्श मूल्य कैसे निर्मित एवं विकसित किए जाएं इस बारे में विस्तार से प्रशिक्षण लिया । कार्यशाला में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की विद्वान रिसोर्स पर्सन श्रीमती भारती तिवारी एवं श्रीमती आशु राठौर ने कार्यशाला में शिक्षक शिक्षिकाओं को विद्यार्थियों के लिए वैल्यू एजुकेशन की आवश्यकता तथा विद्यार्थियों के अंदर आदर्शों एवं मूल्यों का निर्माण करके उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ,संस्कारवान तथा आदर्शवादी मूल्य से परिपूर्ण नागरिक के रूप में परिष्कृत करने के विषय में समझाया। स्कूल एजुकेशन डायरेक्टर श्रीमती संतोष जैन, स्कूल प्रधानाचार्य श्री गगन शर्मा ने दोनों रिसोर्स पर्सन का बुके देकर स्वागत किया। कार्यशाला में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से नियुक्त विद्वान रिसोर्स पर्सन श्रीमती आशु राठौर ने उपस्थित शिक्षक शिक्षिकाओं को बहुत ही सरल भाषा में तथा दैनिक जीवन से जुड़े हुए उदाहरण देकर एवं उनको कुछ रोचक गतिविधियां कराकर विद्यार्थियों में मूल्य के विकास तथा निर्माण के बारे में समझाया। उन्होंने शिक्षक शिक्षिकाओं को समझाया कि विद्यार्थियों के अंदर नैतिक मूल्यों की भावना पैदा करने एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए के लिए पहले हमें उनके समक्ष उन मूल्य एवं आदर्शों का पालन करके एक वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन श्रीमती भारती तिवारी ने शिक्षक शिक्षिकाओं को उनके विषयों के साथ ही नैतिक मूल्यों को जोड़कर विद्यार्थियों को वैल्यू एजुकेशन सिखाने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय में किसी भी प्रकरण को पढ़ाते समय हम उसे प्रकरण से संबंधित मूल्यों को विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से बताकर उनके अंदर नैतिक मूल्यों की भावना सुदृढ़ कर सकते हैं।

उन्होंने शिक्षक शिक्षिकाओं को बताया कि आप पाठ्य सहगामी क्रियाओं के द्वारा भी विद्यार्थियों के अंदर आत्म सम्मान, ईमानदारी, कर्तव्य बौद्ध, सत्य निष्ठा , राष्ट्रभक्ति , दयालुता परोपकारिता सहित कार्य के प्रति समर्पण, जैसे नैतिक मूल्य सुदृढ़ कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित शिक्षक शिक्षिकाओं को समूह में बांटकर समूह आधारित गतिविधियां भी कराई तथा समझाया कि किस प्रकार से विद्यार्थियों में समूह भावना का विकास किया जा सकता है। दोनों ही विद्वान रिसोर्स पर्सन ने कार्यशाला में शिक्षक शिक्षिकाओं को समझाया कि बाल मन बहुत कोमल होता है बच्चे जो देखते हैं उसी का अनुसरण करते हैं बच्चों को नैतिक शिक्षा का उपदेश देने के बजाय उनके समक्ष सुंदर आचरण प्रस्तुत करके उन्हें नैतिक मूल्य की ओर प्रेरित किया जा सकता है। कार्यशाला के अंत में स्कूल एजुकेशन डायरेक्टर संतोष जैन तथा स्कूल प्रधानाचार्य गगन शर्मा ने इस ज्ञानवर्धक तथा सफल कार्यशाला के लिए दोनों रिसोर्स पर्सन का हार्दिक आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि दोनों ही रिसोर्स पर्सन ने जिस प्रकार से सक्रिय गतिविधियों द्वारा शिक्षक शिक्षिकाओं को विद्यार्थियों के अंदर नैतिक मूल्य को सुदृढ़ करने एवं उनका विकास करने के बारे में समझाया है उससे निश्चय ही यहां उपस्थित शिक्षक शिक्षिकाएं लाभान्वित होंगे एवं विद्यार्थियों के अंदर नैतिक मूल्यों का विकास करके उनको एक सफल, सुसंस्कृत तथा देशभक्त नागरिक के रूप में परिष्कृत कर विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेंगे।




