Homeहरिद्वार

इण्डोनेशिया में नवाचार के माध्यम से योग, आयुर्वेद, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, अनुसंधान को उन्नत बनाने का कार्य करेगा पतंजलि : आचार्य बालकृष्ण।

इण्डोनेशिया/ बाली, 04 जून 2026

पतंजलि योगपीठ के महामंत्री परम श्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी महाराज इण्डोनेशिया प्रवास पर हैं। अपने प्रवास के दौरान आचार्य जी बाली प्रांत पहुँचे और बाली प्रांत के विधानसभा अध्यक्ष Mr Dewa Made Mahayadnya तथा बाली के एम.एल.ए. डॉ. सोमवीर से भेंटवार्ता की। इससे पूर्व बाली प्रांत के चेयरमैन ने आचार्य जी का सौहार्दपूर्ण, प्रेमपूर्ण स्वागत किया। उन्होंने आचार्य जी को बतौर राजकीय अतिथि के रूप में आतिथ्य प्रदान करते हुए हर्बल उद्यान भ्रमण की सारी व्यवस्था की थी।

भेंटवार्ता के दौरान Mr Dewa Made Mahayadnya ने कहा कि पतंजलि योगपीठ का विकास माॅडल आज पूरे विश्व के लिए उदाहरण है। पतंजलि शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, कृषि, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, अनुसंधान आदि विविध क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने आचार्य जी से बाली में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कृषि के क्षेत्र में पतंजलि के साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की, जिस पर आचार्य जी ने सहर्ष सहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द साझा प्रयासों से हम बड़ा कार्य करेंगे। उन्होंने पतंजलि के गुणवत्तायुक्त उत्पादों की प्रशंसा की तथा बहुत जल्द भारत आने की इच्छा प्रकट की।

इस अवसर पर श्रद्धेय आचार्य जी ने कहा कि पतंजलि के सेवा कार्य आज पूरे विश्व के लिए एक मिसाल हैं। जल्द ही हम इण्डोनेशिया में अपने सेवाकार्यों का विस्तार करेंगे जिसका लाभ यहाँ के आमजन को मिलेगा। योग, आयुर्वेद, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, अनुसंधान को इण्डोनेशिया में नवाचार के माध्यम से उन्नत बनाने का कार्य पतंजलि योगपीठ करेगा जिससे इण्डोनेशिया के युवाओं को रोजगार भी सुलभ होगा। इस अवसर पर आचार्य जी ने हर्बल उद्यान का भ्रमण भी किया।

Related Articles

Back to top button