– किच्छा
ब्योरो रिपोर्ट मजहिर खान
उधम सिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली अंतर्गत दरऊ क्षेत्र में हथियारबंद लोगों ने गोली मारकर 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। पुरानी रंजिश के चलते निर्वाचित ग्राम प्रधान के भतीजे की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि ग्राम प्रधान का युवा पुत्र गोली लगने से बाल बाल बच गया। घटना को अंजाम देने के बाद हथियारबंद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। जानकारी के अनुसार किच्छा कोतवाली अंतर्गत दरऊ क्षेत्र में कई वर्षों पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते करीब तीन दर्जन हथियारबंद लोगों ने दूसरे पक्ष के आलिम खान और गुलफाम खान को घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान दबंगों द्वारा खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घटना में 20 वर्षीय आलिम खान के सीने में गोली लगने से मौत हो गई। जबकि गुलफाम खान ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। पूरे मामले को चुनावी रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है। फिलहाल किच्छा पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद आलिम खान का शव घर पहुंचने के बाद पूरा माहौल गमगीन हो गया। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है।






