
, लालकुआं
– लालकुआं हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद उपजे कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है। इस पूरे मामले को लेकर जारी बयानों के बीच अब लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आरोपों को आड़े हाथों लेते हुए पलटवार किया है।
पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने मीडिया को दिए अपने बयान में कहा कि कांग्रेस के पास अब जनहित का कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल आधारहीन और काल्पनिक विवाद खड़ा कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

वही राहुल गांधी द्वारा इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जाने पर तंज कसते हुए श्री दुम्का ने कहा कि बिना तथ्यों की जांच किए ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी फितरत रही है।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली संपन्न होने के बाद कुछ लोगों द्वारा मैदान में जल छिड़कने या ‘शुद्धिकरण’ करने की खबरें और वीडियो सामने आए थे। कांग्रेस ने इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के अपमान और दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए भाजपा पर तीखे हमले बोले थे। राहुल गांधी ने भी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की थी।
राजनीतिक खींचतान चरम पर पूर्व विधायक दुम्का के इस बयान के बाद इलाके में सियासी हलचल और तेज हो गई है। एक तरफ जहां कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आक्रामक रुख अपनाए हुए है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा और उसके स्थानीय नेता इसे पूरी तरह प्रायोजित और राजनीतिक लाभ उठाने का एक असफल प्रयास करार दे रहे हैं।




