एंजेल चकमा हत्याकांड पर मुख्यमंत्री की पीड़ित परिवार से बातचीत।

देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है और लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस घटना से व्यक्तिगत रूप से व्यथित हैं और पीड़ित परिवार के दर्द को समझते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कभी इस तरह का माहौल नहीं रहा है। यहां देश-विदेश से छात्र शिक्षा के लिए आते हैं, ऐसे में यह घटना हम सभी के लिए बेहद पीड़ादायक है। सरकार इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना के बाद उनकी बातचीत त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की सहायता को लेकर वह त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी समन्वय करेंगे और उत्तराखंड सरकार की ओर से हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी।




