बघरा डिग्री कॉलेज में एन एस एस के सात दिवसीय विशेष शिविर कार्यक्रम का समापन।
बघरा डिग्री कॉलेज में एन एस एस के सात दिवसीय विशेष शिविर कार्यक्रम का समापन।

मुजफ्फरनगर
क्रान्ति बुलेटिन संवाददाता
मुज़फ्फरनगर।स्वामी कल्याण देव बघरा डिग्री कॉलेज में आयोजित एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) टीम ने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को समाज में बढ़ती चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।इस अवसर पर एएचटी थाने से सब इंस्पेक्टर जगत सिंह ने विस्तारपूर्वक छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानव तस्करी केवल किसी व्यक्ति को जबरन ले जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें लालच देकर, झूठे वादों के माध्यम से या दबाव बनाकर लोगों को गलत कार्यों में धकेलने जैसी घटनाएं भी शामिल होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए। इस अवसर पर हेड कांस्टेबल अमरजीत सिंह ने बताया कि सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा मानव तस्करी और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं और समाज के जागरूक नागरिकों का सहयोग इसमें अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉक्टर बृज गोपाल शर्मा ने की और उन्होंने सभी आगुन्तको का धन्यवाद एवं आभार प्रकट करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी छात्र-छात्राओं को ऐसी जानकारी प्राप्त होती रहेगी। कार्यक्रम में उपस्थित विधिक सेवा प्राधिकरण पी.एल.वी.के गौरव मलिक ने भी विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक को कानून द्वारा कई प्रकार के अधिकार प्राप्त हैं और यदि कोई व्यक्ति किसी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या अन्याय का शिकार होता है तो वह विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने छात्रों को कानून के प्रति जागरूक रहने और समाज में न्याय तथा समानता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। इस अवसर पर एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. फरहाना राणा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, एएचटी टीम के सदस्यों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभदायक होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें समाज में घटित होने वाली विभिन्न समस्याओं और उनसे निपटने के उपायों की जानकारी मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि एनएसएस का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है।इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण पी.एल.वी से धनीराम एवं एएचटीयू से हैड कॉस्टेबल रूबी आदि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज की टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिसमें विपिन कुमार, रश्मि तायल, दुष्यंत मलिक,रोजी शर्मा,वंदना,धीरज,सालीना, डॉक्टर विनित कुमार सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। एएचटी टीम के अन्य सदस्यों की उपस्थिति और उनके अनुभवों ने भी कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाया। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त कर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर ऐसे जागरूकता अभियानों को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि समाज को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाया जा सके।




