
हल्द्वानी
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग, अरविंद पाण्डेय के निर्देशानुसार आज हल्द्वानी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं क्षेत्रों में ऑटो तथा विक्रम वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अत्यधिक धुआं उत्सर्जित करने वाले, बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) के संचालित होने वाले, यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने वाले तथा वाहन में किराया सूची चस्पा न करने वाले तिपहिया वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।
अभियान की मुख्य उपलब्धियां व प्रवर्तन कार्यवाही:
सख्त चालानी कार्रवाई: नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 75 से अधिक वाहनों के चालान किए गए तथा 8 वाहनों को मौके पर ही सीज किया गया।
प्रदूषण नियंत्रण पर जोर: बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के संचालित 10 वाहनों के चालान काटे गए। मौके पर ही प्रदूषण जांच केंद्रों के माध्यम से 50 से अधिक वाहनों की प्रदूषण जांच कराकर उन्हें तत्काल वैध प्रमाण पत्र जारी करवाए गए।
किराया सूची अनिवार्य: यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत वाहनों में तय किराया सूची चस्पा न पाए जाने पर 25 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन दल:
शहर में यह अभियान कुल छह अलग-अलग टीमों द्वारा चलाया गया। टीम में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडे, परिवहन कर अधिकारी अनुभा आर्य, परिवहन उपनिरीक्षक गिरीश कांडपाल, परिवहन उपनिरीक्षक आर.सी. पवार तथा परिवहन उपनिरीक्षक नंदन सिंह मय प्रवर्तन दल शामिल रहे।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पाण्डेय ने सभी तिपहिया वाहन स्वामियों व चालकों से अपील की है कि वे अपने सभी वैध प्रपत्र (दस्तावेज) पूर्ण रखने के बाद ही वाहनों का संचालन करें। वाहनों में किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा होनी चाहिए तथा चालकों को यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। यह प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




