
हल्द्वानी
रिपोर्ट : मजहिर खान
नैनीताल जनपद में आज से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके अभियान के पहले दिन जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी स्वयं अपने गणना प्रपत्र भरकर लोगों को इस प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ गणना प्रपत्र सही ढंग से भरें और समय पर जमा करें।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि मतदाता सूची के शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित प्रकाशन के लिए समाज के सभी वर्गों, राजनीतिक दलों और प्रत्येक मतदाता का सहयोग आवश्यक है। प्रशासन की ओर से सभी बीएलओ को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार घर-घर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।




