
ज्वालापुर हरिद्वार
राजेश वर्मा
न्यू सुभाष नगर में लगभग 15000 की जनसंख्या है। इस क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या अत्यधिक रहती है प्रत्येक घर तक साफ व स्वच्छ जल नहीं पहुंच पाता , क्योंकि इस क्षेत्र में जो पानी की पाइप लाइन बिछी हुई है वह लगभग 25 साल पुरानी हो चुकी हैं और जगह-जगह से ये पाइप लाईने क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इस क्षेत्र में पाइपलाइन डेढ़ या 2 इंच की बिछी होने के कारण प्रत्येक घर तक पानी नहीं पहुंचता, कई बार तो घरों में पानी गंदा आता है। यहां की जनता को मजबूरन गंदा पानी पीना पड़ता है इस पानी पीने से कई लोग भयानक बीमारियों का शिकार भी हो चुके हैं।

इस क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने के लिए लोगों ने प्रशासन, स्थानीय विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष को भी पानी की पाइप लाइन बिछाने के लिए गुहार लगाई परंतु किसी ने भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया। जनता की मांग है कि इस क्षेत्र में नई पाइप लाईने बिछाई जाए ताकि यहां की जनता को स्वच्छ जल मिल सके।




