Homeहरिद्वार

ईंधन बचाओ एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र साइकिल चलाकर पहुंचे जिला कार्यालय जनसुनवाई कार्यक्रम में।

हरिद्वार, 18 मई 2026

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र आज अपने आवास से जिला कार्यालय, रोशनाबाद में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में साइकिल चलाकर पहुंचे। इस पहल के माध्यम से उन्होंने ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा समय-समय पर ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में किए गए आह्वान के क्रम में उन्होंने यह पहल की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण एवं ईंधन की खपत को देखते हुए यह अत्यंत आवश्यक है कि सभी नागरिक अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाएं।

उन्होंने जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि जिनका आवास कार्यालय के निकट है, वे साइकिल अथवा पैदल ही कार्यालय आने का प्रयास करें। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहल से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है और अन्य लोग भी इससे प्रेरित होते हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर जनमानस को जागरूक करने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अपने आसपास के छोटे-छोटे कार्यों के लिए वाहनों का न्यूनतम उपयोग करें तथा पैदल या साइकिल का अधिक से अधिक प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे जहां एक ओर वायु प्रदूषण में कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button