
-लालकुआँ
रिपोर्टर- मजहिर खान
लालकुआँ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविन्द सिंह कुंजवाल ने लालकुआँ के पूर्व चेयरमैन एवं कांग्रेस नेता रामबाबू मिश्रा तथा कांग्रेस नेता पुरन रजवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वह दोनों नेताओं के आवास पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
इस अवसर पर गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि लालकुआँ शहर ने दो सच्चे समाजसेवी और मजबूत नेतृत्व वाले व्यक्तित्वों को खो दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े थे और क्षेत्र में अपने-अपने तेवर व जनसेवा के लिए जाने जाते थे।
कुंजवाल ने कहा कि रामबाबू मिश्रा और पुरन रजवार न केवल कांग्रेस के समर्पित और मजबूत कार्यकर्ता थे, बल्कि मृदुभाषी एवं मिलनसार स्वभाव के धनी भी थे। उनके असमय निधन से कांग्रेस संगठन को गहरी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि दोनों नेता पार्टी की नीतियों और विचारधारा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहे। एक साथ दोनों का चले जाना कांग्रेस परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। कुंजवाल ने दिवंगत नेताओं की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस मौके पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पाड़े सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




