Homeलालकुआं

ट्रांसपोर्ट नगर में जलभराव से हाहाकार, व्यापारियों का फूटा गुस्सा, विधायक सुमित हृदयेश ने किया निरीक्षण।

हल्द्वानी

रिपोर्टर , मजहिर खान

हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बदहाल हालात को लेकर व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। लगातार जलभराव और पानी की निकासी न होने से पूरा इलाका कीचड़ और गंदे पानी से भर गया है, जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि दुकानों और वर्कशॉप तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, वहीं ट्रकों और भारी वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं हुआ। कई जगहों पर महीनों से पानी भरा हुआ है, जिससे मच्छरों और गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि नगर निगम केवल अस्थायी इंतजाम कर देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं होता।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश ने ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद व्यापारियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था सुधारने और सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।

व्यापारियों ने एक और गंभीर आरोप लगाया कि ट्रांसपोर्ट नगर में बने पार्कों को अब पार्किंग स्थल बना दिया गया है। जहां पहले हरियाली और लोगों के बैठने की जगह थी, वहां अब ट्रक और गाड़ियां खड़ी रहती हैं, कई जगहों पर तो वर्कशॉप का काम भी होता है। इस पर नगर निगम द्वारा पार्किंग शुल्क लगाने की बात से भी व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जब सुविधाएं ही नहीं हैं, तो शुल्क किस बात का लिया जा रहा है।

कुल मिलाकर ट्रांसपोर्ट नगर की बदहाली ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विधायक के आश्वासन के बाद जमीनी स्तर पर कितनी जल्दी सुधार नजर आता है

 

Related Articles

Back to top button