
रुद्रपुर/लालकुआँ
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री अजय भट्ट ने आज संजय वन का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। सांसद ने देखा कि सुबह से ही संजय वन में पर्यटकों और छोटे बच्चों की चहल-पहल है। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से संजय वन के सौंदर्यकरण और अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
श्री भट्ट ने अधिकारियों को कुमाऊनी शैली में संजय वन के मुख्य द्वार के शीघ्र निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि संजय वन का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा जल्द ही कराया जाएगा।

सांसद ने डेढ़ घंटे तक स्थल निरीक्षण करते हुए संजय वन के पर्यटकों के प्रति आकर्षण को देखा और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने इसके विस्तार और विकास की रणनीति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पर्यटक गतिविधियों के लिए बंद रहने के बाद संजय वन को पुनःस्थापित किया गया है और सौंदर्यकरण का कार्य बड़े स्तर पर किया जा रहा है।
वर्तमान में 74 लाख रुपए की लागत से कुमाऊनी शैली में भव्य प्रवेश द्वार और अन्य कार्यों का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके अलावा वन के भीतर इलेक्ट्रिक वाहन से भ्रमण की सुविधा, सुरक्षा चौकी, और चारों ओर सोलर फेंसिंग की वोल्टेज बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में पर्यटकों के लिए आवास की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सांसद भट्ट ने सचिव वन आर.के. सुधांशु और डीएफओ के साथ दूरभाष पर वार्ता कर मुख्य द्वार निर्माण सहित शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संजय वन पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत रमणीय स्थल है, जिसमें हाईटेक नर्सरी, वन्य जीव पार्क, नवग्रह पार्क और 12 राशियों के अनुसार सुंदर रमणीय पार्क शामिल हैं, और यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।




