
पीलीभीत
क्रांति बुलेटिन ठाकुर अमित सिंह
आज समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सपा नेता राजकुमार “राजू” ने 129 विधानसभा क्षेत्र पूरनपुर के विभिन्न बूथों का दौरा कर मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया एवं इसके बाद अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेस आयोजित की इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करतें हुए उन्होंने कहा की निरीक्षण के दौरान लगभग प्रत्येक बूथ पर संबंधित BLO के पास 250 से 450 तक भरे हुए फ़ॉर्म-7 पाए गए। प्रारंभिक तौर पर इन फ़ॉर्मों में दर्ज अधिकांश आपत्तियाँ संदिग्ध एवं फर्जी प्रतीत होती हैं, जिससे मतदाता सूची में छेड़छाड़ की गंभीर आशंका उत्पन्न होती है।

सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि बड़ी संख्या में आपत्तियाँ एक ही व्यक्ति के नाम से दर्ज कराई गई हैं, जबकि दूरभाष पर बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्ति ने स्वयं ऐसी किसी भी आपत्ति को करने से स्पष्ट इनकार किया। इससे यह संदेह और गहरा हो जाता है कि यह पूरा मामला सुनियोजित तरीके से मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने की नीयत से किया गया प्रयास है।
ज्ञातव्य है कि एक फ़ॉर्म-7 को सही तरीके से भरने में पर्याप्त समय और प्रक्रिया लगती है। इसके बावजूद सैकड़ों की संख्या में प्रिंटेड फ़ॉर्मों का एक साथ मिलना स्वाभाविक नहीं माना जा सकता। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था, निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता अधिकारों के विरुद्ध रची गई एक गंभीर साज़िश की ओर संकेत करती है।
इसी गंभीर विषय को लेकर आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए निम्न प्रमुख मांगें रखी गईं—
सभी संदिग्ध एवं सामूहिक रूप से भरे गए फ़ॉर्म-7 को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए।
इस साज़िश में शामिल व्यक्तियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता को और मजबूत किया जाए।
स्पष्ट रूप से कहा गया कि मतदाता अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता के मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा इस दौरान उन्होंने कई तथ्यों को प्रस्तुत कर पीड़ितों को भी पत्रकारों के सामने पेश किया
प्रेस कांफ्रेस के दौरान प्रमुख रूप से पूर्व विधायक अरशद खान,पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव,विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव,सछास के पूर्व प्रदेश सचिव नोमान अली वारसी ,वरिष्ठ सपा नेता ओम शर्मा आदि सपाइयों की उपस्तिथि रही।




