
देहरादून
देहरादून में आसरा ट्रस्ट द्वारा वंचित समुदायों के बच्चों की प्रतिभा को मंच देने वाला पाँचवाँ वार्षिक ज्ञान मंथन मेला आयोजित किया गया। इस विज्ञान और नवाचार मेले में बच्चों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

20 दिसंबर 2025 को देहरादून के सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू, रेसकोर्स में आसरा ट्रस्ट द्वारा पाँचवाँ वार्षिक ज्ञान मंथन मेला आयोजित किया गया। यह विज्ञान और प्रौद्योगिकी उत्सव आसरा के संस्थापक ट्रस्टी स्वर्गीय अर्जन डेविड ब्रिजनाथ की स्मृति में हर वर्ष आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक कृष्णानंद बिजलवान और जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर विशेष अतिथि शरण ब्रिजनाथ और गौरी खन्ना भी मौजूद रहीं। वहीं आसरा बोर्ड की ओर से शैला ब्रिजनाथ, नीलू खन्ना और अदिति पी. कौर ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
ज्ञान मंथन मेला आसरा के शैक्षिक केंद्रों से जुड़े बच्चों के लिए एक सशक्त मंच है, जहाँ उन्होंने विज्ञान और गणित से जुड़े विविध मॉडल, नवाचारी प्रोजेक्ट और लाइव प्रयोग प्रस्तुत किए। यह आयोजन आसरा की टिंकरिंग लैब पहल का विस्तार भी है, जिसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यवहारिक सीख को बढ़ावा देना है। टिंकरिंग लैब के माध्यम से बच्चों को प्रयोग करने, समस्याओं का समाधान खोजने और वास्तविक जीवन से जुड़े नवाचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस वर्ष मेले में उत्तराखंड के तीन जिलों में स्थित आसरा केंद्रों से 35 से अधिक नवाचारी परियोजनाएँ प्रस्तुत की गईं, जिनमें 200 से अधिक बच्चों ने सक्रिय भागीदारी की।
आसरा ट्रस्ट वर्ष 2009 से उत्तराखंड के वंचित बच्चों और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आश्रय और कौशल विकास के क्षेत्र में काम करते हुए, ट्रस्ट अब तक 80 से अधिक परियोजनाओं के माध्यम से 28,600 से ज्यादा लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा दे चुका है। ज्ञान मंथन मेला न सिर्फ बच्चों की प्रतिभा को उजागर करने का मंच है, बल्कि यह भविष्य के वैज्ञानिकों और नवाचारकर्ताओं को गढ़ने की दिशा में एक मजबूत पहल भी है।




