
हल्द्वानी
रिपोर्टर मजहिर खान
हल्द्वानी। एसडीएम कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर कुमार पंत के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया और न्यायिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर कुमार पंत ने कहा कि न्यायिक कार्यप्रणाली में आ रही दिक्कतों से अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम वादकारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था पर दुख जताते हुए कहा कि समय पर सुनवाई, संसाधनों की उपलब्धता और प्रशासनिक समन्वय की कमी से न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

अधिवक्ताओं ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में हल्द्वानी एसडीएम के ट्रांसफर के बाद नई नियुक्ति होने से कार्य व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने मांग की कि लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जाए और अधिवक्ताओं को कार्य करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। इस दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कई अधिवक्ता मौजूद रहे।




