
ऋषिकेश
तपोवन क्षेत्र में आज क्रिसमस का पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यहां चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और पारंपरिक क्रिसमस ट्री से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह से ही ईसाई समुदाय के साथ-साथ बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भी प्रार्थना सभा में शामिल होने पहुंचे। सुबह की शुरुआत विशेष मिडनाइट मास और पवित्र प्रार्थना सभा के साथ हुई। चर्च के पादरी ने प्रभु यीशु के शांति प्रेम और भाईचारे के संदेश को साझा किया। प्रार्थना के दौरान विश्व शांति और मानवता के कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता रहा। चर्च परिसर में सांता क्लॉज ने बच्चों को चॉकलेट और उपहार बांटे, जिससे उनके चेहरे खिल उठे। स्थानीय युवाओं और चर्च की क्वायर टीम ने मधुर क्रिसमस कैरल्स गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

तपोवन पर्यटन का केंद्र होने के कारण यहां उत्सव का स्वरूप वैश्विक नजर आया। चर्च में आए एक विदेशी पर्यटक ने बताया भारत में क्रिसमस मनाना एक अद्भुत अनुभव है। यहां की सादगी और लोगों का प्रेम इस त्यौहार को और भी खास बना देता है। क्रिसमस के अवसर पर तपोवन और आसपास के बाजारों में भी खासी चहल-पहल देखी गई। बेकरी की दुकानों पर विशेष क्रिसमस केक की भारी मांग रही। शाम होते ही पूरा क्षेत्र रंगीन रोशनी से जगमगा उठा, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।




