Homeलालकुआं

वन विभाग की टीम ने मोटाहल्दू बीट के प्लाट संख्या-143 में दबिश देकर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

लालकुआं

लालकुआं तराई केंद्रीय वन प्रभाग की हल्द्वानी रेंज में खैर तस्करों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभागीय वनाधिकारी तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर यूसी तिवारी और उप प्रभागीय वनाधिकारी हल्द्वानी मनिंदर कौर के निर्देशन में तथा वन क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी उमेश चंद्र आर्य के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत वन विभाग की टीम ने मोटाहल्दू बीट के प्लाट संख्या-143 में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

वन विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 25 जुलाई की तड़के करीब 3:30 बजे टीम ने प्लाट संख्या-143 में खैर के पेड़ों का अवैध पातन कर लकड़ी का अभिवहन कर रहे पिकअप वाहन संख्या यूपी-25 बीटी-0781 को पकड़ लिया। वाहन से खैर की अवैध रूप से काटी गई लकड़ी बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान दो अभियुक्तों को मौके से दबोच लिया गया, जबकि उनके अन्य पांच छः साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की आड़ में फरार हो गए।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बरहैनी रेंज के राईखत्ता निवासी यासीन पुत्र अली जान तथा वर्तमान में रुद्रपुर निवासी राजेश पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। दोनों को उनके कृत्य से अवगत कराते हुए विधिक प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया गया है। उनके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत कार्रवाई की जा रही है। बरामद पिकअप वाहन को वन विभाग ने कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय में खड़ा करा दिया है।

कार्रवाई के दौरान मौके से चार खैर के पेड़ों की कटी लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग के अनुसार जंगल में खैर के पेड़ों के अवैध पातन की सूचना मिलने के बाद गश्त और निगरानी बढ़ाई गई थी। तड़के टीम के मौके पर पहुंचते ही तस्करों में भगदड़ मच गई। टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि करीब पांच-छह अन्य आरोपी भागने में सफल रहे।

हल्द्वानी रेंज में खैर तस्करी की शिकायतों के बीच वन क्षेत्राधिकारी उमेश चंद्र आर्य के चार्ज संभालने के बाद जंगल में गश्त और निगरानी को और प्रभावी किया गया है। ऑपरेशन अंकुश के तहत हुई इस कार्रवाई से खैर तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग अब फरार आरोपियों की धरपकड़ के साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।

कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा गणेश दत्त पांडे, भुवन खर्कवाल, धर्मेंद्र मेहरा, वन आरक्षी तेज प्रताप, तेजपाल सिंह, प्रकाश खर्कवाल, निर्मल रावत तथा अन्य वनकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button