Homeनैनीताल

बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग को लेकर पदयात्रा आज 12वें दिन आज संजय नगर दो और 3 होकर हाटकालिका मंदिर पहुंची,!

हरिद्वार

बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग को लेकर पदयात्रा आज 12वें दिन आज संजय नगर दो और 3 होकर हाटकालिका मंदिर पहुंची, जिसमें करीब 400 लोगों ने भाग लिया तथा 200 से अधिक घरों में जनसंपर्क कर लोगों से 27 सितंबर की रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गईं, जिनमें वक्ताओं ने सरकार से बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की अधिसूचना शीघ्र जारी करने की मांग की।

विधायक के आरोपों पर संगठन का जवाब

लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट द्वारा वन अधिकार संगठन पर लगाए गए आरोपों के जवाब में संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट ने कहा कि विधायक अनर्गल एवं लच्छेदार बयानबाजी कर लोगों को रैली में जाने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विधायक ने सही समय पर इस कार्य को पूरा करवाने के गंभीर प्रयास किए होते तो आज ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

उमेश भट्ट ने कहा कि 25 नवंबर 2025 को डीएलसी द्वारा पत्रावली के पुनः परीक्षण के आदेश वन अधिकार कानून के प्रावधानों के विपरीत हैं, जिस पर वन अधिकार समिति लगातार आपत्ति दर्ज कर रही है। समिति द्वारा मुख्य सचिव से सुनवाई और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग करते हुए हर माह पत्र भेजे जा रहे हैं, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि विधायक को वन अधिकार समिति पर आरोप लगाने के बजाय मुख्य सचिव स्तर पर पत्रावली पर विधिसम्मत कार्रवाई करवाने के प्रयास करने चाहिए।

उन्होंने विधायक के इस कथन को भी भ्रामक बताया कि पत्रावली में संस्तुति शब्द नहीं होने तथा वन अधिकार समिति के जिलाधिकारी से नहीं मिलने के कारण अधिसूचना जारी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि वन अधिकार समिति दर्जनों बार जिलाधिकारी से मिल चुकी है और पत्राचार भी करती रही है। वर्तमान में जिलाधिकारी द्वारा पत्रावली के पुनः परीक्षण के आदेश दिए जा चुके हैं, ऐसे में समिति द्वारा बार-बार जिलाधिकारी से मिलने के बजाय अब शासन स्तर पर लंबित अपील की सुनवाई और निर्णय की मांग करना अधिक उचित है।

आज की पदयात्रा में मोहन सिंह धामी होशियार जेठी, दिलीप अधिकारी, प्रकाश मिश्र, प्रकाश राम, गोविंद राम रघुवीर बिष्ट, पुष्कर दुबड़िया, किशन धामी, शंकर लाल, बलवंत कोरंगा, भोपाल सिंह, ललित पलडिया, प्रेम सिंह खोलिया, जगदीश चौहान, दीपक सिंह भाट, दिनेश भट्ट, शंकर राम, मोहन बसवाल, लक्ष्मण पटवाल, जगदीश जोशी, प्रकाश शाही, चंदन मेहता, रमेश फुलारा, जोध सिंह, दीवान सिंह बरगली, भरत गोसाई, गोविंद गिरी आदि नए लोग सम्मिलित हुए।

Related Articles

Back to top button