Homeरामनगर

बदहवास हालत में घायल मिला जर्मन नागरिक।

रामनगर-

गर्जिया क्षेत्र में एक विदेशी नागरिक घायल अवस्था में पड़ा मिला है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, तो पुलिस ने इसकी बाबत छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति पिछले चार–पांच दिनों से क्षेत्र में घूमता देखा जा रहा था। शनिवार को वह गंभीर रूप से घायल और कमजोर अवस्था में जंगल में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विदेशी नागरिक को कोतवाली लाया गया, बाद में उसे मेडिकल सहायता के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

पुलिस के मुताबिक, विदेशी की पहचान ब्रानीष लाव( 54 वर्षीय)(Branisch Law) के रूप में हुई है, जो जर्मनी का नागरिक है.

रामनगर सीओ सुमित पांडे ने बताया कि ब्रानीष लाव भारत में अध्यात्म की खोज में आया था। उन्होंने बताया कि विदेशी नागरिक बोधगया और धर्मशाला जैसे धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर चुका है और हाल ही में नैनीताल जिले के प्रसिद्ध गर्जिया मंदिर आया था, यहां आने के कुछ समय बाद ही उसकी स्थिति बिगड़ गई. सीओ पांडे के अनुसार, ब्रानीष लाव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है, जिससे पूछताछ में कठिनाई आ रही है. भाषा संबंधी बाधाओं को देखते हुए पुलिस ने ट्रांसलेटर की मदद ली, ताकि उनकी स्थिति और उद्देश्यों को बेहतर ढंग से समझा जा सके।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि वो कई दिनों से भोजन और नींद की कमी से जूझ रहा था, जिससे उसकी शारीरिक और मानसिक हालत और बिगड़ गई. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है, कि विदेशी नागरिक भारत में कब आया, किस वीजा पर आया और उसका संपर्क कहां-कहां हुआ है। पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की गुमशुदगी को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।यह भी देखा जा रहा है कि क्या उसके साथ किसी प्रकार की ठगी या आपराधिक गतिविधि हुई है. फिलहाल ब्रानीष लाव को मेडिकल इमरजेंसी के तहत चिकित्सकीय निगरानी में भेजा गया है. पुलिस द्वारा नियमानुसार मामले की जांच की जा रही है और विदेशी दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Back to top button