पंचायतों में उत्कृष्ट कार्य के लिए राजेश गौतम सम्मानित, मंत्री बलदेव सिंह औलख ने दिया प्रशस्ति पत्र।

पीलीभीत शाहजहांपुर
क्रांति बुलेटिन समाचार
पीलीभीत पंचायतों में विकास कार्यों को मजबूती देने और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने वाले ग्राम विकास अधिकारी राजेश गौतम को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मंत्री बलदेव सिंह औलख द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन अंतर प्रज्ञा मिशन–2026 के अंतर्गत किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान मिलकर पंचायतों के विकास की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि राजेश गौतम ने ग्राम पंचायतों में ईमानदारी, पारदर्शिता और सक्रियता के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को गति दी है। स्वच्छता अभियान, ग्रामीण विकास योजनाओं का सफल क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा पंचायत अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखना उनके प्रमुख कार्यों में शामिल है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान विवेकानंद सरकार की भूमिका की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम प्रधान विवेकानंद सरकार ने ग्राम विकास अधिकारी के साथ समन्वय बनाकर पंचायत में विकास कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। सड़क, स्वच्छता, आवास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में उनकी सक्रिय सहभागिता से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है।
सम्मान समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों के कार्यों को पंचायत स्तर पर आदर्श बताते हुए अन्य पंचायत प्रतिनिधियों से इससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद ग्राम विकास अधिकारी राजेश गौतम और ग्राम प्रधान विवेकानंद सरकार ने मंत्री बलदेव सिंह औलख का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पंचायत के सर्वांगीण विकास और ग्रामीणों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।




