Homeपीलीभीत

होली पर खेलों का रंग रस्साकशी में बी.फार्मा नंबर वन, क्रिकेट में रॉयल फार्मा चैंपियन, पत्रकार सम्मान से बढ़ी गरिमा।

पीलीभीत

क्रांति बुलेटिन न्यूज (अमित ठाकुर)

होली के पावन पर्व से पूर्व पंडित राजेंद्र प्रसाद स्मारक कॉलेज ऑफ फार्मेसी मेडिकेयर हॉस्पिटल (पीआरपीएस) में आयोजित होली मिलन समारोह खेल, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संगम बन गया। शनिवार को आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, पत्रकारों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे दिन परिसर में उत्साह, ऊर्जा और उल्लास का वातावरण बना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत खेल प्रतियोगिताओं से हुई। 100 मीटर दौड़ में प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तेज रफ्तार मुकाबले में दिलशाद ने शानदार प्रदर्शनख करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। अहेतशाम दूसरे और दुर्वेश तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रस्साकशी प्रतियोगिता में बी.फार्मा प्रथम वर्ष की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और शक्ति का परिचय दिया। दर्शकों की हौसला अफजाई और तालियों की गूंज ने मुकाबले को और रोमांचक बना दिया।क्रिकेट फाइनल बना आकर्षण का केंद्र ,क्रिकेट फाइनल मुकाबला कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। रॉयल फार्मा और फार्मा वॉरियर के बीच खेले गए इस मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिली। रॉयल फार्मा टीम ने संतुलित बल्लेबाजी और सधी हुई गेंदबाजी के दम पर जीत दर्ज कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। टीम के कप्तान तनवीर खान की नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक फैसलों की सराहना की गई।फार्मा वॉरियर टीम ने कप्तान अहेतशाम के नेतृत्व में संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः जीत से चूक गई। मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शंकर भच्चार को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

खेल प्रतियोगिताओं के उपरांत पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। क्षेत्र के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों को स्मृति चिन्ह (मेमेण्टो) और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। सेहरामऊ उत्तरी थाना प्रभारी को भगवान श्रीराम की प्रतिमा देकर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने कहा इस तरह के कार्यक्रम से आपसी सौहार्द बढ़ता है। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। कॉलेज के एमडी अमित मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन आपसी भाईचारे, संवाद और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र और पत्रकार समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, और ऐसे कार्यक्रम पारस्परिक सहयोग एवं विश्वास को बढ़ावा देते हैं। भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे। समारोह का समापन आपसी शुभकामनाओं और होली की अग्रिम बधाइयों के साथ हुआ। पूरे आयोजन में खेल भावना, सम्मान और सामाजिक समरसता का प्रेरक संदेश देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button