क्राइमलालकुआं

बुजुर्ग का शव जंगल में मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी।

मृतक की पहचान 70 वर्षीय तुलसी राम के रूप में हुई है। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं इलाके में शोक की लहर है। 

लालकुआ

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत वार्ड नंबर-2 गांधीनगर से 5 दिन पहले मॉर्निंग वॉक के लिए निकले एक बुजुर्ग का शव जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 70 वर्षीय तुलसी राम के रूप में हुई है। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं इलाके में शोक की लहर है।

यहाँ प्राप्त जानकारी के अनुसार तुलसी राम 27 मार्च की सुबह करीब 4 बजे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।

मंगलवार दोपहर कुछ स्थानीय लोगों ने वन विकास निगम के डिपो संख्या चार के पीछे जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो शव लापता बुजुर्ग तुलसी राम का निकला।

मृतक के बेटे त्रिलोक आर्या, जो स्टेशन तिराहे पर जायका रेस्टोरेंट संचालित करते हैं, को जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बुजुर्ग जंगल में रास्ता भटक गए होंगे और बाहर नहीं निकल पाने के कारण भूख-प्यास से उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पायेगा।

Related Articles

Back to top button