
लालकुआँ
रिपोर्टर -मजहिर खान
लालकुआं बिंदुखत्ता क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। क्षेत्रीय जनता का कहना है कि वर्षों से रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षित आवागमन के लिए ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक मामला घोषणाओं और आश्वासनों से आगे नहीं बढ़ सका है।
हालांकि सांसद अजय भट्ट ने हाल ही में रेलवे लाइन पार करने को लेकर आम लोगों की मजबूरी का उल्लेख करते हुए कहा था कि कई बार लोगों को बच्चों की परीक्षा, बस पकड़ने या अन्य जरूरी कार्यों के कारण रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे उन पर कार्रवाई भी हो जाती है। उन्होंने बताया था कि इस संबंध में रेलवे विभाग से बातचीत की गई है तथा ओवरब्रिज निर्माण को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। तकनीकी बाधा न आने पर समाधान की उम्मीद जताई गई थी।

किंतु स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मुद्दा नया नहीं है। क्षेत्रवासियों के अनुसार वर्ष 2014 से लेकर 2019 और फिर 2024 तक ओवरब्रिज निर्माण को लेकर कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुरक्षित विकल्प न होने के कारण लोगों को जोखिम उठाना पड़ता है। उनका मानना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी।
क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि अब केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय निर्माण कार्य की वास्तविक प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
इधर नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने कहा कि ओवरब्रिज को लेकर तैयारी चल रही है जल्द ही ओवरब्रिज बनाया जाएगा। जिसके बाद लोगों को जाम से निजात मिलेगी




