
हल्द्वानी
अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए जंगलों में संचालित हो रही शराब की भट्टियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। चोरगलिया से लगे रनसाली के जंगल में आबकारी विभाग हल्द्वानी एवं मण्डलीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध शराब कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
कार्रवाई के दौरान जंगल के बीचों-बीच संचालित की जा रही छह अवैध कच्ची शराब की भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। टीम ने करीब 12 हजार लीटर लहन नष्ट किया, जबकि 35-35 लीटर कच्ची शराब से भरे दो ड्रम कब्जे में लिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 70 लीटर आंकी गई है।

छापेमारी की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। आबकारी विभाग ने अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध कच्ची शराब न केवल सरकार को भारी राजस्व क्षति पहुंचाती है, बल्कि इसके सेवन से लोगों की जान पर भी खतरा मंडराता है। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस अभियान में आबकारी निरीक्षक हल्द्वानी धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी, संजय कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही महेश लोहनी तथा आबकारी सिपाही गीता और खुशाल शामिल रहे।




