
लालकुआ
लालकुआँ नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए वाटर कूलर एवं प्याऊ खराब पड़े हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी को लेकर लालकुआँ निवासी समाजसेवी मुकेश कुमार ने मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत द्वारा हजारों रूपये खर्च कर नगर में लगाए गए वाटर कुलर तथा प्याऊ अधिकांश लंबे समय से बंद हैं। बावजूद इसके, संबंधित विभाग की ओर से उनकी मरम्मत या बदलाव के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसका असर बाहर से आने जाने वाले राहगीरों, दुकानदारों और आम लोगों पर पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी का प्रकोप चल रहा है। भीषण गर्मी में मुख्य बाजार में आने वाले ग्रामीण इलाकों तथा बाहर के लोगों को भी ठंडे पानी की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर नगर पंचायत ने वटर कुलर की जगह मटके वाले प्याऊ लगाए हैं जो पिछले एक साल से सो पीस बने हुए हैं। इनमें सरकारी पैसों का भी दुरूपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर की मूलभूत सुविधाएं लंबे समय से प्रभावित है। जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में शिकायत दर्ज कराकर जल्द कार्यवाही कर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।




