Homeहरिद्वार

आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु जिलाधिकारी ने फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण।

हरिद्वार, 04 जून 2026

आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने रिंग रोड के अंतर्गत बहादराबाद बाईपास से जगजीतपुर तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था एवं संबंधित कांट्रेक्टरों को निर्देशित किया कि 30 जून तक पूर्ण किए जा सकने वाले सभी कार्यों को त्वरित गति एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार के सड़क निर्माण कार्य नहीं किए जाएंगे, अतः पूर्व निर्धारित समय सीमा में कार्यों को पूर्ण करना अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने हेतु श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा मिट्टी ढुलाई के लिए डंपरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने फ्लाईओवर मार्ग में आने वाली भूमि, वृक्ष कटान एवं अन्य बाधाओं के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कांट्रेक्टरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप मेला अधिकारी/एसएलओ आकाश जोशी, प्रोजेक्ट निदेशक एनएचएआई विशाल गोयल, कांट्रेक्टर नरेश मंगला, सालवान सिंह गुलेरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button