
हल्द्वानी
हल्द्वानी आगामी 14 जून को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों की स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में बैठक सम्पन्न हुई।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 14 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से 1 बजे तक होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की लिखित परीक्षा हेतु हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल एवं कालाढूगी में कुल 57 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं।

इसके साथ ही बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सूक्ष्मता से जांच सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता,गोपनीयता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं शान्तिपूर्ण, पारदर्शी संचालन हेतु परिवेक्षक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई। बैठक में आयोग के प्रतिनिधियों द्वारा परीक्षा के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई।
*जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि कैंची धाम (भवाली) में आयोजित होने वाले (स्थापना दिवस) को ध्यान में रखते हुए, अभ्यर्थी किसी भी तरह के विलंब से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुँचें।*
इधर बैठक में नोडल अधिकारी परीक्षा/अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल एवं कालाढूगी क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी, 57 परीक्षा केन्द्रों के प्रबंधक,आयोग के प्रतिनिधि एवं पुलिस महकमे के अधिकारी उपस्थित थे।




