
हल्द्वानी
रिपोर्टर, मजहिर खान
हल्द्वानी शहर के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की छापेमारी में कथित देह व्यापार का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स में संचालित एक स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर गुरुवार शाम छापा मारा गया। जांच के दौरान स्पा सेंटर में देह व्यापार संचालित होने की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
छह युवतियों को रेस्क्यू कर काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। वहीं स्पा सेंटर के संचालन और गतिविधियों में संलिप्त पाए गए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में स्पा सेंटर की एक महिला प्रबंधक, एक कथित ग्राहक तथा दो अन्य सहयोगी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि स्पा सेंटर का संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इधर एस एस पी मंजूनाथ टी सी का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा युवतियों को यहां किस प्रकार लाया गया था। रेस्क्यू की गई युवतियों की पहचान गोपनीय रखी गई है।
शहर में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




