
हरिद्वार
आज सिख समाज हरिद्वार की ओर से उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी के कथित विवादित बयान के विरोध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार को कार्रवाई की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार (रजि.) समिति के प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिया गया।समिति ने ज्ञापन में कहा कि उसके सभी सदस्य कानून का सम्मान करने वाले एवं शांतिप्रिय नागरिक हैं। आरोप लगाया गया कि आशीष नेगी द्वारा सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक मंचों पर सिख समुदाय के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक, भड़काऊ तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले वक्तव्य दिए गए हैं। शिकायत के अनुसार, उन्होंने कथित रूप से यह टिप्पणी की कि, “हम स्वर्ण मंदिर पर दोबारा भी हमला कर सकते हैं।”

यदि जांच में यह कथन सत्य पाया जाता है, तो यह सिख धर्म के सर्वोच्च धार्मिक स्थल श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणी है, जिससे देश-विदेश में निवास करने वाले करोड़ों सिख श्रद्धालुओं एवं समस्त सिख समाज की धार्मिक भावनाएँ गंभीर रूप से आहत हुई हैं।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि सिख समुदाय को बिना किसी ठोस आधार के बार-बार “खालिस्तानी” कहकर संबोधित किया गया, जिससे पूरे समुदाय की छवि धूमिल करने, सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने, समाज में भय एवं तनाव का वातावरण उत्पन्न करने तथा सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। समिति ने कहा कि यदि ऐसे कथनों की पुष्टि होती है, तो वे सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती सिद्ध हो सकते हैं।समिति ने एसएसपी हरिद्वार से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आशीष नेगी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आवश्यक एवं विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें सूबा सिंह ढिल्लों, बाबा पंडत, गुरमेल बाजवा, गुरपेज सिंह, अनूप सिंह सिद्धू, बलविंदर सिंह, उज्जल सिंह, शेर सिंह, आकाश सचदेवा, हरमोहन सिंह, अनमोल सिंह, हरविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह एवं कुलबीर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




