क्राइममुजफ्फरनगर

आयुर्वेदिक दवाईयों के नाम पर धोखाधडी करने वाले 02 शातिर अभियुक्तगण गिरफ्तार।

गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से 07 मोबाइल फोन, एक थार गाडी, 03 एटीएम कार्ड तथा आयुर्वेदिक दवाइयां बरामद।

मुजफ्फरनगर

क्रांति बुलेटिन ब्यूरो मुजफ्फरनगर! साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध रविन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा की गयी कार्यवाही।

घटना का संक्षिप्त विवरणः-गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विकसित आनलाईन पोर्टल “प्रतिबिम्ब” पर जनपद मुजफ्फरनगर से सम्बन्धित मोबाईल में चलाये गये मोबाइल नम्बर रिफलेक्ट हुए, जिनकी गहनतापूर्वक जाँच पडताल की गयी तो ज्ञात हुआ कि अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, यूट्यूब, फेसबुक एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर शक्तिवर्धक, आयुर्वेदिक अथवा देशी जड़ी-बूटी आधारित दवाओं के आकर्षक विज्ञापन प्रसारित कर विज्ञापनों के माध्यम से आमजन को कम कीमत, गुप्त उपचार एवं त्वरित लाभ का प्रलोभन देकर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाता था। ग्राहक द्वारा संपर्क करने पर साइबर अपराधी स्वयं को दवा विक्रेता अथवा चिकित्सकीय प्रतिनिधि बताकर विश्वास अर्जित करते हैं तथा दवा भेजने के नाम पर अग्रिम भुगतान अपने बैंक खातों में स्थानांतरित करा लेते थे, भुगतान प्राप्त होने के बाद पीड़ित को विश्वास में लेने के उद्देश्य से फर्जी ऑर्डर कन्फर्मेशन, नकली बिल, ऑर्डर स्लिप एवं स्क्रीनशॉट तैयार कर व्हाट्सएप अथवा अन्य माध्यमों से भेज दिए जाते थे। इसके उपरांत न तो दवा भेजी जाती है और न ही धनराशि वापस की जाती है। कई मामलों में अपराधी पीड़ित का संपर्क बंद कर देते हैं अथवा मोबाइल नंबर निष्क्रिय कर देते हैं। इस प्रकार फर्जी ऑनलाइन प्रचार, कूटरचित दस्तावेजों एवं बैंक खातों का उपयोग कर आमजन से धोखाधड़ीपूर्वक धनराशि प्राप्त की जाती है, जो साइबर वित्तीय अपराध की श्रेणी में आता है। साइबर थाना टीम ने गहनतापूर्वक जाँच पडताल की तो उक्त मोबाइल नम्बरो पर विभिन्न राज्यो से सम्बन्धित 07 साइबर अपराध की शिकायतें साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज होना पायी गयी। थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा दिनांक 07.09.2026 को 02 शातिर अभियुक्तगण को गिरफ्तार किया गया तथा कब्जे से 07 मोबाइल फोन, 01 थार गाडी बरामद की गयी। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तगण का नाम व पता-

1-सावेज पुत्र इस्लाम निवासी दाहा थाना दोघट जनपद बागपत हाल निवासी बुढाना थाना बुढाना मुजफ्फरनगर।

2- इस्लाम पुत्र अब्दुल रशीद निवासी दाहा थाना दोघट जनपद बागपत हाल निवासी बुढाना थाना बुढाना मुजफ्फरनगर ।

बरामदगी-

✔ 07 मोबाइल फोन

✔ 01 थार रोक्स गाडी (यूके 07 एचजे 7464)

✔03 एटीएम कार्ड

✔आयुर्वेदिक दवाइयां

पूछताछ का विवरण- प्रारम्भिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तगण सावेज व इस्लाम द्वारा बताया गया कि हमारे द्वारा YOUTUBE, व अन्य सोशल मीडिया साइट पर पेज बनाये हुए थे, जिनपर हम शक्तिवर्धक, आयुर्वेदिक अथवा देशी जड़ी-बूटी आधारित दवाओं के आकर्षक विज्ञापन प्रसारित कर विज्ञापन पर अलग अलग मोबाइल नम्बरों का प्रयोग कर लोगों को आकर्षित कर उनका विश्वास जीतकर तथा दवा भेजने के नाम पर अग्रिम भुगतान अपने/ अन्य बैंक खातों में स्थानांतरित करा लेते थे, भुगतान प्राप्त होने के बाद लोगों को विश्वास में लेने के उद्देश्य से फर्जी ऑर्डर का बिल, स्क्रीनशॉट तैयार कर व्हाट्सएप अथवा अन्य माध्यमों से भेज देते थे और दवाई नहीं भेजते थे, जब वह लोग दोबारा संपर्क करते थे तो मोबाइल नम्बर बन्द कर देते थे।

नोट-अभियुक्तगणों से सम्बन्धित मोबाइल नम्बरों व खातों पर विभिन्न प्रदेशों से CYBER POLICE पोर्टल पर कुल 07 शिकायतें दर्ज है।

 

Related Articles

Back to top button