Homeनैनीताल

हल्द्वानी से ग्रामीण समितियों तक पहुंचे अपर सचिव, दुग्ध उपार्जन व्यवस्था परखी।

दुग्ध विक्रेताओं और उत्पादकों से सीधे संवाद कर जानी जमीनी हकीकत।

लालकुआं

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं की विपणन गतिविधियों एवं दुग्ध उपार्जन व्यवस्था का अपर सचिव, उत्तराखण्ड शासन एवं निदेशक, डेरी विकास विभाग उत्तराखण्ड सुरेश जोशी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हल्द्वानी नगर क्षेत्र में आंचल दुग्ध विक्रेताओं से दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।

इस दौरान उन्होंने विपणन व्यवस्था में आ रही खामियों और उनके सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आवश्यक चर्चा भी की। अपर सचिव ने उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

इसके बाद सुरेश जोशी ने नैनीताल दुग्ध संघ से संबद्ध दुग्ध समितियों हरीपुर कुंवर सिंह, बैडापोखरा एवं चांदनी चौक पहुंचकर दुग्ध संग्रहण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से सीधे संवाद कर शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की स्थिति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विपणन एवं उपार्जन से जुड़े सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए, जिस पर अपर सचिव श्री जोशी ने संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी विपणन एवं प्रशासन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी एफओ श्रीमती शांति कोरंगा तथा मार्ग प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी पंत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button