
हल्द्वानी
रिपोर्टर : मजहिर खान
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहाँ स्थित अमेजन के डिलीवरी स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त स्टोर का शटर बाहर से बंद था और दो कर्मचारी अंदर सो रहे थे। आग और धुएं के गुबार के बीच दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे जलकर और दम घुटने से दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुँची दमकल की गाड़ियों और पुलिस टीम ने किसी तरह शटर तोड़कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। देर रात तक मौके पर पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की टीम मुस्तैद रही।
पुलिस ने शटर तोड़कर शुरू किया रेस्क्यू
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। अमेजन स्टोर से अचानक आग की लपटें उठती देख पास में ही स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल भारी पुलिस बल और दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुँचे। स्टोर का शटर बंद होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आई, जिसके बाद कटर से शटर को काटा और तोड़ा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक स्टोर पूरी तरह स्वाहा हो चुका था।

गौलापार और पंचायतघर के रहने वाले थे मृतक
हादसे के दौरान स्टोर पूरी तरह बंद था और उसके भीतर दो कर्मचारी सो रहे थे। आग लगने के बाद दम घुटने और बुरी तरह झुलसने के कारण दोनों ने अंदर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में की जा रही है। पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना देकर शिनाख्त के लिए मौके पर बुलाया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) भेज दिया गया है।
चार्जिंग पर लगी स्कूटी और टेम्पो भी जला, शॉर्ट सर्किट की आशंका
इस भीषण अग्निकांड में स्टोर के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान और डिलीवरी के पार्सल जलकर राख हो गए। इसके अलावा, स्टोर के अंदर चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और वहाँ खड़ा एक मालवाहक टेम्पो भी पूरी तरह जल गया। आशंका जताई जा रही है कि आग स्कूटी की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से लगी होगी, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुँच गई थी। शटर तोड़कर किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौत हुई है, जिनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।




