Homeलालकुआं

अवैध प्रकाष्ठ से भरा ट्रक पकड़ा, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई। 

लालकुआं

​लालकुआं ​तराई पूर्वी वन प्रभाग की डॉली रेंज टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध प्रकाष्ठ से भरा एक ट्रक जब्त किया है।

यहाँ ​मिली जानकारी के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग राहुल मिश्रा एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी गोला अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में मुखबिर से अवैध प्रकाष्ठ के परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए डॉली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत के नेतृत्व में गठित टीम ने शांतिपुरी बैरियर पर चेकिंग अभियान चलाया।

​इसी दौरान किच्छा की ओर से आ रहे ट्रक संख्या- यूपी 25 बीटी 6081 को रोकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन को रोकने के बजाय पंतनगर की ओर तेज गति से भगा दिया। चेकिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उसे पंतनगर बाईपास के पास रोककर तलाशी ली।

​तलाशी के दौरान ट्रक में बकैन, कंजी व कोकाठ मिश्रित प्रकाष्ठ भरा हुआ पाया गया। वाहन चालक लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच करने पर वाहन में 36.88 घनमीटर मिश्रित प्रकाष्ठ पाया गया।

​वन विभाग की टीम ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर रेंज परिसर लालकुआं में खड़ा करवा दिया है। इस मामले में भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध पंजीकृत कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।इस कार्रवाई करने वाली वन विभाग की टीम में वन दरोगा ललित मोहन जोशी, वन दरोगा पान सिंह मेहता तथा टी.सी. राजेन्द्र सिंह लटवाल शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button