
लालकुआँ
रिपोर्टर- मुजाहिर खान
लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों खस्ताहाल सड़कों को लेकर सियासत गरमा गई है। एक और जहाँ विपक्ष लगातार आन्दोलित है तो वही भाजपा के पूर्व विधायक ने भी जर्जर सड़कों पर चिंता जाहिर कर सवाल उठाए है। वही बीते दिनों काग्रेंस ने सड़कों के गड्ढों में जलभराव और बदहाल स्थिति के विरोध में सड़कों पर धान की रोपाई करके अनोखा प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन पर लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने तीखा कटाक्ष किया है। पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने विपक्ष के इस प्रदर्शन को चुनावी स्टंट करार देते हुए कहा कि यह सब चुनावी मौसम का कमाल है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब विपक्ष को सड़कें, पानी और अन्य जनसमस्याएं सब कुछ साफ-साफ दिखाई देने लगी हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज के इस सोशल मीडिया के दौर में कैमरे के सामने धान की रोपाई करना या इस तरह के नाटक करना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि ”चुनावी मौसम है अब विपक्ष को रोड, पानी और हर जनसमस्या दिखाई देगी।
हलांकि राजनीतिक बयानों के बीच पूर्व विधायक ने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की दयनीय स्थिति पर अपनी गंभीर चिंता भी जाहिर की है।
उन्होंने माना कि जनता को सड़कों की बदहाली के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़कों के त्वरित निर्माण और सुधारीकरण की मांग उठाने की बात कही है।




