हल्द्वानी में पार्षद रोहित कुमार का अनोखा प्रदर्शन, नजूल भूमि पर मालिकाना हक की मांग तेज।

हल्द्वानी
रिपोर्टर मजहिर खान
हल्द्वानी में नजूल भूमि पर मालिकाना हक की मांग को लेकर एक अनोखा और शांतिपूर्ण प्रदर्शन देखने को मिला। वार्ड के पार्षद रोहित कुमार ने इस मुद्दे को उठाते हुए अकेले ही हाथों में तख्ती लेकर सड़कों पर उतरकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उनके इस अनोखे विरोध ने न सिर्फ आम जनता बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है।
पार्षद रोहित कुमार ने अपने हाथ में तख्ती लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च किया। तख्ती पर लिखे संदेश के माध्यम से उन्होंने सरकार से मांग की कि वर्षों से नजूल भूमि पर रह रहे लोगों को मालिकाना हक दिया जाए। उनका कहना है कि हजारों परिवार लंबे समय से इस जमीन पर बसे हुए हैं, लेकिन आज तक उन्हें स्थायी अधिकार नहीं मिल पाया है, जिससे वे असुरक्षा की भावना में जी रहे हैं

इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि रोहित कुमार ने इसे पूरी तरह से व्यक्तिगत स्तर पर शुरू किया, लेकिन धीरे-धीरे लोगों का समर्थन उन्हें मिलने लगा। स्थानीय नागरिकों ने उनके इस कदम की सराहना करते हुए इसे जनहित का मुद्दा बताया। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय नेताओं ने भी इस मांग को जायज ठहराया है।
राजनीतिक दलों के कुछ प्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे पर खुलकर समर्थन दिया है और सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील की है। लोगों का कहना है कि नजूल भूमि का मुद्दा लंबे समय से लंबित है और अब इसे टालना उचित नहीं होगा।
पार्षद रोहित कुमार का यह अनोखा प्रदर्शन अब एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकता है, यदि सरकार ने जल्द ही इस पर ठोस निर्णय नहीं लिया।




