Homeहरिद्वार

खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कार्रवाई में 15 खाद्य नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजें  !!

हरिद्वार 26 अगस्त 2026

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, उत्तराखण्ड श्री विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में रक्षाबंधन एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को ध्यान में रखते हुये आज दिनांक 26 अगस्त 2026 को जनपद हरिद्वार के विभिन्न जगहों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तीन टीमों द्वारा मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंटों एवं डेयरी दुकानों का निरीक्षण किया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा डेसो चौक, सिडकुल एवं शिवालिक नगर क्षेत्रों में स्थित मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। रक्षाबंधन पर्व पर सबसे ज्यादा बिकने वाली मिठाईयों के कुल 06 नमूने प्रयोगशाला जाँच हेतु लिये गये जिसमें बंगाली रसगुल्ला – 01 नमूना, घेवर सादा का – 01 नमूना, मलाई घेवर का – 01 नमूना, गुलाब जामुन – 01 नमूना तथा सफेद रसगुल्ला – 02 नमूना शामिल हैं। रिटेलर एवं रेस्टोरेंट के लिये गये फूड लाइसेंस पर मिठाईयों का निर्माण व बिक्री करने, निर्माण स्थल पर खाद्य पदार्थों को सीधे जमीन पर संग्रह करने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाये जाने पर 03 मिठाई निर्माताओं एवं विक्रेताओं – बीकानेर मिष्ठान भंडार, डेसो चौक, राजस्थान बीकानेर मिष्ठान भंडार सिडकुल तथा बीकानेर मिष्ठान भंडार सुभाषनगर को नोटिस जारी किया गया है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय द्वारा रुड़की स्थित मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। प्रयोगशाला जाँच हेतु मिठाईयों के 02 नमूने तथा एनालॉग पनीर की जाँच हेतु पनीर का 01 नमूना लिया गया। मौके पर अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत न करने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न पाये जाने पर 03 खाद्य कारोबार कर्ताओं को नोटिस जारी किया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा कनखल, जगजीतपुर, रानीपुर मोड़ स्थित मिठाई दुकानों, रिटेल मार्ट एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। कनखल स्थित एक पनीर थोक विक्रेता से पनीर का एक नमूना, जगजीतपुर स्थित डेयरी से खुला दूध का एक नमूना तथा मिठाई दुकान से मावा का एक नमूना प्रयोगशाला जाँच हेतु लिया गया। रानीपुर मोड़ स्थित पिज्जा हट से खाद्य तेल का एक नमूना जाँच हेतु लिया गया।

जगजीतपुर स्थित एक मिठाई दुकान, बिना फूड लाइसेंस के संचालित पायी गयी तथा अस्वास्थ्यकर दशाओं में मिठाईयों एवं चटनी का संग्रह करने के कारण न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति की गयी तथा 10 kg मिठाईयों एवं चटनी को मौके पर नष्ट कराया गया।

जगजीतपुर स्थित एक मार्ट के विरुद्ध, बिना फूड लाइसेंस के मार्ट का संचालन करने तथा एक्सपायर्ड हो चुके खाद्य पदार्थों का विक्रय करने पर चालानी कार्यवाही की संस्तुति की गयी है। रानीपुर मोड़ स्थित 5 स्टार मिठाई दुकान से काजू कतली एवं मलाई बर्फी के 02 नमूने प्रयोगशाला जाँच हेतु लिये गये। इस प्रकार आज जनपद हरिद्वार में मिठाई सहित कुल 15 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जाँच हेतु भेजे गये।

Related Articles

Back to top button