Homeलालकुआं

सरकारी भूमि पर काटे गए सेमल के छह पेड़, वन विभाग ने की काटने वाली मशीन जब्त।

लालकुआं:

किच्छा के प्रयागफार्म क्षेत्र में सरकारी भूमि से बेशकीमती सेमल के विशालकाय पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर डीएफओ के निर्देश पर वन सुरक्षा दल की टीम ने मौके पर छापेमारी की।

टीम जब स्थल पर पहुंची तो वहां सेमल के छह पेड़ काटे जा चुके थे। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद श्रमिक वन कर्मियों को देखकर फरार हो गए। वन विभाग ने घटनास्थल से पेड़ काटने में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक मशीन जब्त कर ली है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि अफजाल नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से सरकारी भूमि से पेड़ काटने की अनुमति ली गई थी। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि पेड़ कटान की अनुमति किस आधार पर और किन परिस्थितियों में प्रदान की गई। विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

घटना के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर पेड़ कटान का विरोध किया और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। छापेमारी टीम में वन सुरक्षा दल के प्रभारी नवीन रैकवाल, वन दरोगा धन सिंह अधिकारी, दिनेश पंत, कृष्ण चंद्र शर्मा तथा वाहन चालक चंदन बेदी सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button