क्राइमलालकुआं

हल्दूचौड़ में शातिर चोरों का दुस्साहस ” बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और ₹15 हजार उड़ाए, CCTV में कैद हुई वारदात। 

, हल्दूचौड़ लालकुआं

रिपोर्टर, मुकेश कुमार

लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत हल्दूचौड़ अंबिकापुरम कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के जेवरात और हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है लोगों ने चोरी की घटना के जल्द से जल्द खुलासे की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक हल्दूचौड चौकी क्षेत्र के अंबिकापुरम स्थित जागनाथ भवन में रहने वाले जय कृष्ण भट्ट का पूर्व में निधन हो चुका है। उनकी पत्नी घर पर अकेली रहती थीं। पिछले कुछ समय से तबीयत खराब होने के चलते वह इलाज के लिए अपने बेटों के पास दिल्ली गई हुई हैं और बताया जा रहा है कि करीब दो महीने से मकान बंद था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज के अनुसार घटना रात करीब 1:30 बजे से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। सुबह जब मकान का दरवाजा और ताला टूटा हुआ दिखाई दिया तो आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी ग्राम प्रधान रुक्मणी को दी।

जिसके बाद मौके पर पहुंची ग्राम प्रधान की सूचना पर हल्दूचौड़ चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।

दूरभाष पर मकान स्वामिनी से मिली जानकारी के अनुसार घर में करीब ढाई से तीन तोले की सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठियां, कानों के झुमके समेत अन्य जेवरात रखे हुए थे। इसके अलावा करीब ₹15 हजार की नगदी भी घर में मौजूद थी। आशंका है कि चोर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए।

इस वारदात ने सबसे ज्यादा इसलिए भी चौंकाया है क्योंकि घनी आबादी के बीच और CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में घटना को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह भी है कि चोर घर में रखा मोबाइल फोन तक नहीं ले गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनका निशाना मुख्य रूप से जेवरात और नगदी ही था।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। वहीं, दिनदहाड़े नहीं बल्कि रात के सन्नाटे में घनी आबादी के बीच हुई इस चोरी ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

 

Related Articles

Back to top button