
लालकुआं
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत मोटाहल्दू स्थित ग्राम गंगापुर कबडाल निवासी विवाहिता की आत्महत्या के मामले में लालकुआं पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा मृतका को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किए जाने का आरोप है। मामले में दो अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यहाँ पुलिस के मुताबिक छह अगस्त 2026 को महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद निवासी मुक्तेश्वर की तहरीर पर थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के जरिए संपर्क था और उसका घर पर आना-जाना भी था। आरोप है कि आशिक अली ने उसे आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बरेली, हाल हल्दूचौड़ को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ब्लैकमेलिंग में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार साहिब अली और देवेश गंगवार पर मृतका के पति को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। दोनों की भूमिका की जांच जारी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




