क्राइममुजफ्फरनगर

अंतरजनपदीय तांबा चोर गैंग का भंडाफोड, 4 शातिर तस्कर गिरफ्तार।

मुजफ्फरनगर

क्रान्ति बुलेटिन ब्यूरो

मुजफ्फरनगर। जनपद में शातिर चोरों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत थाना चरथावल पुलिस को एक बड़ी और सनसनीखेज सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने थानाभवन-चरथावल मार्ग पर घेराबंदी करते हुए एक स्विफ्ट कार से तस्करी कर ले जाया जा रहा लगभग 500 किलोग्राम (आधा टन) चोरी का तांबा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद तांबे की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।पुलिस ने इस अंतरजनपदीय गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथ दबोच कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।प्राप्त विवरण के अनुसार, थाना चरथावल पुलिस टीम थानाभवन-चरथावल मुख्य मार्ग पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिरालसी पुलिस चौकी से महज 100 मीटर पहले पुलिस को एक तेजी से आती हुई सफेद रंग की स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। जब पुलिस टीम ने कार की डिग्गी और पिछली सीट की तलाशी ली, तो अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं। कार के भीतर तांबे की 10 भारी और खंभेनुमा प्लेटें छिपाकर रखी गई थीं। तोल कराने पर इनका कुल वजन लगभग 500 किलोग्राम निकला। पुलिस ने तुरंत तांबे की खेप और वारदात में इस्तेमाल हो रही स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया।चरथावल थाना प्रभारी के अनुसार, पकड़े गए गिरोह का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में चोरी, नकबजनी और गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब इस बात का गहराई से पता लगा रही है कि आधा टन वजनी तांबे की ये भारी प्लेटें किस फैक्ट्री, बिजलीघर या सरकारी डिपो से चोरी की गई थीं। साथ ही, मुजफ्फरनगर में इस माल का खरीदार कौन था, इसकी भी कुंडली खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि इस गिरोह की बैक-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है और इनसे जुड़े अन्य सफेदपोशों व कबाड़ियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button