Homeलालकुआं

प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भड़के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य “बोले”प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद। 

लालकुआँ

रिपोर्टर -मजहिर खान

लालकुआँ पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एंव नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर सूबे की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार सामने आ रही जघन्य हत्याएं सरकार के सुशासन के खोखले दावों की पोल खोल रही हैं।

उन्होंने प्रदेश के आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गम्भीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आज सूबे के अधिकतर शहर एंव ग्रामीण क्षेत्रों में हत्या, लुट, मारपीट, छेड़छाड़, बलात्कार,और चाकूबाजी जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। इन घटनाओं के चलते आम जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। छात्र, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, और व्यापारी वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध नशा और अवैध खनन माफियाओं का बोलबाला है। इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से अपराधियो के हौसले बुलंद है। कई थाना क्षेत्रों में खुलेआम अवैध गतिविधियां संचालित हो रही है। लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई थानों में पुलिस बल की भारी कमी है। पुलिस की लापरवाही और उदासीन रवैया के चलते अपराध पर नियंत्रण पूरी तरह विफल नजर आ रहा है। इससे अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है। जिसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतान पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने के लिए कड़ी और प्रभावी पुलिसिंग की मांग की। साथ ही अवैध खनन और अवैध नशे के अड्डों को स्थायी रूप से बंद करने की मांग सरकार से की है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी गंभीर घटना के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा।ऐसी स्थिति में कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

 

 

Related Articles

Back to top button