
हरिद्वार
शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र के न्यू सुभाषनगर कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर वरिष्ठ समाजसेवी किरण सिंह ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि करीब 25 हजार की आबादी वाली कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव लंबे समय से बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

क्षेत्रवासियों की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट/एसडीएम हरिद्वार को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि न्यू सुभाषनगर में आज तक सीवर लाइन की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके चलते लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कॉलोनी के बीच से गुजर रही 33 हजार केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन को भी गंभीर समस्या बताते हुए इसे हटाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि हाईटेंशन लाइन के कारण पूर्व में दुर्घटनाएं हुई हैं और जानमाल का नुकसान भी हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने करीब 25 वर्ष पुरानी पेयजल पाइपलाइन को भी बदलने की मांग उठाई है। उनका आरोप है कि पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के कारण घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।




