वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबन्धकों/अधिकारीगण के साथ गोष्ठी का आयोजन।

मुजफ्फरनगर
क्रान्ति बुलेटिन ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन द्वारा रिजर्व पुलिस लाईन, सभागार में विभिन्न बैंकों के प्रबन्धक/अधिकारीगण के साथ एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के दौरान बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु विस्तृत चर्चा की गई तथा आपसी समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी बैंक शाखाओं में सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से क्रियाशील रखें जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। बैंक परिसरों में प्रवेश करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी जाए।

इसके अतिरिक्त, सभी बैंकों में अलार्म सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरण एवं सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नकदी के आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा एटीएम केंद्रों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को दृष्टिगत रखते हुए बैंक अधिकारियों को ग्राहकों को जागरूक करने एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु भी निर्देशित किया।




