
लालकुआं
ईदुल अजहा का पर्व नगर में आपसी भाईचारे, अमन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। तय समय पर जामा मस्जिद तथा रोशन मस्जिद में ईदुल अजहा की नमाज़ अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पहुंचकर नमाज़ अदा की और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली की दुआ मांगी।

ईदुल अजहा का पर्व प्रेम, शांति और सौहार्द के संदेश के साथ मनाया गया।
जामा मस्जिद में इमाम हसीन रजा तथा रोशन मस्जिद में इमाम नाजिर रजा ने नमाज़ अदा करवाई। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईदुल अजहा की मुबारकबाद दी और प्रेम, भाईचारे तथा इंसानियत का संदेश दिया।
ईद के मौके पर नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। प्रशासन एवं पुलिस व्यवस्था भी पूरी तरह मुस्तैद रही, जिसके चलते पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
विशेष बात यह रही कि व्यापार मंडल चुनाव के चलते विभिन्न व्यापारी संगठनों से जुड़े व्यापारी नेता भी बिना किसी भेदभाव के आपसी भाईचारे के साथ मुस्लिम समाज को ईद की शुभकामनाएं देने मस्जिदों के बाहर पहुंचे। इस दौरान सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल देखने को मिली। इस दौरान मस्जिदों के सदर, कमेटी सदस्यों सहित बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे।




