
हल्द्वानी
रिपोर्टर मजहिर खान
एक ओर जहां कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत दी जा रही है, वहीं भारत में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर 3 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क हल्द्वानी में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता पहले ही परेशान है और अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं भी महंगी होंगी, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। कांग्रेस ने सरकार से तुरंत मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की।





