
हरिद्वार, 18 मई 2026
कुंभ मेला 2027 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं अत्याधुनिक संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेला प्रशासन ने अभी से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 14 जनवरी से 20 अप्रैल 2027 तक हरिद्वार में आयोजित होने वाले विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम के दौरान मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं को मजबूत बनाने हेतु दूरसंचार विभाग तथा प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के सहयोग से विशेष कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
कुंभ मेला क्षेत्र में स्थायी सेल्युलर टावरों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ बड़ी संख्या में “सेल ऑन व्हील” तथा “स्मॉल सेल” टावर स्थापित किए जाएंगे, ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं को निर्बाध मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने इस सिलसिले में दूरसंचार विभाग एवं मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ बैठक कर कुंभ मेला 2027 के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए संचार सेवाओं की क्षमता वृद्धि एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व के कुंभ मेलों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार संचार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं व्यवस्थित बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुंभ नगरी के सभी सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में अस्थायी मोबाइल टावर स्थापित किए जाएंगे तथा सभी आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएंगी। इसके लिए मेला प्रशासन एवं दूरसंचार विभाग की संयुक्त टीम संभावित स्थलों का निरीक्षण कर उपयुक्त स्थानों का चयन करेगी।

मेलाधिकारी ने मेला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों से संबंधित बेसलाइन डाटा एवं संभावित भीड़ का विस्तृत विवरण एक सप्ताह के भीतर दूरसंचार विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उसी के आधार पर संचार सेवाओं की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सके।
मोबाइल टावरों की स्थापना एवं अन्य तकनीकी कार्यों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए अपर मेलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) को जिम्मेदारी सौंपते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु दूरसंचार विभाग एवं टेलीकॉम कंपनियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में दूरसंचार विभाग के अपर महानिदेशक अमित रावत ने बताया कि मेला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले बेसलाइन डाटा एवं संयुक्त निरीक्षण के आधार पर आगामी 10 जून तक विस्तृत दूरसंचार योजना तैयार कर प्रस्तुत कर दी जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कुंभ क्षेत्र में बेहतर नेटवर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तीन प्रमुख स्तरों पर कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत स्थायी मोबाइल टावरों का उन्नयन एवं विस्तार, भीड़भाड़ एवं दूरस्थ क्षेत्रों में “सेल ऑन व्हील” टावरों की स्थापना तथा भवनों एवं खंभों पर बड़े पैमाने पर “स्मॉल सेल” उपकरण लगाए जाएंगे। एक स्मॉल सेल उपकरण लगभग 200 मीटर के दायरे में बेहतर दूरसंचार सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होगा।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (कुंभ मेला) बिपेन्द्र सिंह, डीजीएम बीएसएनएल मुकेश कुमार गुप्ता, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनी- रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया, इंडस टावर्स और आईटीडीए के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




