दुर्घटनालालकुआं

रेलवे क्रॉसिंग के पास विद्युत पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए लाइनमैन का अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत ।

लालकुआ

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बबूर गुम्टी रेलवे क्रॉसिंग के पास विद्युत पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए लाइनमैन प्रेम सिंह कोरंगा की बरेली के राममूर्ति अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, सिर के बल गिरने के कारण उन्हें गंभीर ब्रेन हैमरेज हुआ था। इस दुखद घटना के बाद जहां एक ओर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में विद्युत ठेकेदार की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।

बिंदुखत्ता के संजय नगर गौला गेट निवासी प्रेम सिंह कोरंगा (पुत्र जोहार सिंह कोरंगा) बीते दिवस दोपहर करीब 1 बजे गुम्टी क्षेत्र में बिजली लाइन दुरुस्त करने पोल पर चढ़े थे, जहां संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे आ गिरे। परिजनों का आरोप है कि घटना दोपहर 1 बजे की है और प्रेम सिंह की स्थिति इतनी नाजुक थी कि उन्हें तत्काल वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद विभाग या ठेकेद्वारा परिवार को शाम 4:30 बजे तक हादसे की कोई सूचना नहीं दी गई। सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) हल्द्वानी से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

इस मामले में अब परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों के अनुसार, संबंधित ठेकेदार (हरीश चंद्र तिवारी) के सुपरवाइजर द्वारा प्रेम सिंह को लगातार काम के लिए फोन करके बुलाया जा रहा था। यह कार्य जेडीएम इंटरप्राइजेज (JDM Enterprises) के अंतर्गत कराया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी उन्हें स्पष्ट फिजिकल डॉक्यूमेंट (चिकित्सकीय दस्तावेज) उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे पूरी घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।

लाइनमैन की असमय मौत से भड़के परिजनों और बिंदुखत्ता के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई और हादसे के बाद भी मामले को छिपाने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button