Homeहरिद्वार

मुख्यमंत्री के निर्देशन में 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दिए निर्देश !

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चल रहे सड़क मरमत कार्य का किया स्थलीय निरीक्षण जिसमें - सप्तसरोवर क्षेत्र में पुराना एआरटीओ से भारत माता मंदिर मार्ग एवं आयरिश पुल के पास धोबी घाट (बैरागी कैंप) मार्ग पर चल रहे टाइल्स निर्माण कार्यों का लिया जायजा !

हरिद्वार, 21 अगस्त 2026

जनपद में क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशन में सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशन में 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को लेकर संबंधित विभागों द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुराना एआरटीओ से भारत माता मंदिर मार्ग तथा आयरिश पुल के पास धोबी घाट (बैरागी कैंप) मार्ग पर चल रहे टाइल्स निर्माण एवं सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग जो कांवड़ यात्रा एवं भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है,उससे गड्ढा मुक्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है,उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में 15 अक्टूबर तक जनपद के सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत एवं टाइल्स निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप ही किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़क मरम्मत एवं टाइल्स निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, वहां जल निकासी व्यवस्था में भी सुधार किया जा रहा है। इससे बरसात के दौरान संबंधित क्षेत्रों में होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन कराया जाए तथा सभी सड़क मरम्मत कार्यों को समयबद्ध और त्वरित गति से पूरा किया जाए, ताकि जनपदवासियों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस दौरान साईट इंजीनियर एनएचएआई रुड़की आकाश सिंह,जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button