
बिंदुखत्ता लालकुआं
लालकुआं बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने, गौला नदी पर स्थायी तटबंध का निर्माण करने सहित अन्य नौ सूत्रीय मांगों को लेकर जारी क्रमिक अनशन आज 18वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह और अपनी मांगों को पूरा कराने के प्रति दृढ़ संकल्प देखने को मिल रहा है।
यहाँ सोमवार को पूर्व दिवस के अनशनकारियों का अनशन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप बथ्याल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर दानू, कुंदन सिंह मेहता, गुरदयाल सिंह मेहरा और राजेंद्र सिंह चौहान ने जूस पिलाकर समाप्त कराया। इसके पश्चात महामंत्री प्रकाश कापड़ी, कुंदन कोरंगा, राजपाल एवं रमेश कुमार ने नए अनशनकारियों आनंद सिंह दानू, हरीश चंद्र सिंह भंडारी, बलबीर प्रसाद, दुर्गा प्रसाद तथा त्रिलोक राम को माला पहनाकर अनशन स्थल पर बैठाया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देना और गौला नदी पर तटबंध बनाना क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलनकारी मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा घेराव से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कुंदन सिंह मेहता, गुरदयाल सिंह मेहरा, गिरधर सिंह बम, पुष्कर दानू, पंकज दानू, रमेश कुमार, राजपाल, विमला जोशी, हरीश बिष्टौली, भाकपा (माले) नेता भुवन जोशी, विमला पाल, पुष्पा आर्या, हरीश सुयाल, विनोद बिष्ट, गोविंद बल्लभ भट्ट समेत दर्जनों आंदोलनकारी व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




